– डॉ अरुण कुमार मयंक –
बिहारशरीफ डेस्क। नालंदा विकास मोर्चा की ओर से रविवार को नूरसराय के अजयपुर स्थित श्री पटेल एग्रो गोदाम में देश के संविधान निर्माता डॉ बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती पर “प्रणाम नालंदा” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित लोगों ने मंगल दीप प्रज्वलन तथा बाबा साहेब की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की। इस अवसर पर नालंदा की वर्तमान राजनीति में मोर्चा की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई तथा जिला के सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में मोर्चा को सशक्त बनाने के लिए रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर आयोजित संकल्प सभा को मोर्चा के अध्यक्ष व नालंदा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी कौशलेन्द्र कुमार उर्फ़ छोटे मुखिया ने मुख्य रूप से समसामयिक विषय पर सम्बोधित किया। उन्होंने बाबा साहेब को देश का अमूल्य धरोहर बताया तथा कहा कि उनके द्वारा निर्मित संविधान के अनुरूप ही भारतीय लोकतंत्र का वर्तमान स्वरुप है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए आसन्न लोकसभा चुनाव 2024 पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे हमेशा कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते रहे हैं और कभी भी उनकी भावनाओं को ठेस पहुँचने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ताओं की जो आकांक्षा है उसके अनुरूप ही वे अगला कदम उठाएंगे। छोटे मुखिया ने संकल्पित स्वर में कहा कि मोर्चा के कार्यकर्ताओं के लिए वे अपना पूरा जीवन न्योछावर कर देंगे।
नालंदा जिला के विभिन्न भागों से आये हुए मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता व अन्य शुभचिंतकों ने छोटे मुखिया से लोकसभा चुनाव लड़ने का अनुरोध किया। इसके आलोक में नालंदा विकास मोर्चा के कार्यकर्ता दो सप्ताह में सातों विधानसभा क्षेत्रों की जनता से संपर्क करेंगे तथा छोटे मुखिया के लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में फीडबैक लेंगे। इसके बाद ही मोर्चा नालंदा लोकसभा चुनाव के बारे में ठोस रणनीति की घोषणा अगली बैठक में करेगा। इस अवसर पर अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में नालंदा जिला के सभी सातों विधानसभा क्षेत्र में अपना प्रत्याशी लड़ाने तथा मोर्चा को और सशक्त बनाने के लिए विधानसभा स्तर पर संयोजक और सह-संयोजक बनाने का निर्णय लिया गया।
नालंदा की कुर्मी सियासत के कट्टर जातिवादी नेता रणधीर रंजन मंटू ने संकल्प सभा में पहुँच कर सबको चौंका दिया। मंटू ने छोटे मुखिया को बड़े भाई बताया तथा कहा कि यदि मुखिया जी नालंदा से लोकसभा चुनाव लड़ते हैं तो वे तन-मन-धन से उनका साथ देंगे। मंटू का छोटे मुखिया के साथ आना सियासी गलियारे में नयी चर्चा को जन्म दे रहा है। संकल्प सभा को खुशबू देवी, सुनीता देवी, राजीव कुमार मुन्ना, सोनू कुमार हिन्दू, नीरज कुमार सीटू, शिवशंकर गुप्ता, प्रिय रंजन पटेल, डॉ राकेश कुमार, जितेंद्र वर्मा, पंकज माली, जतन प्रसाद, रामानंद प्रसाद, सत्येंद्र कुमार, सुधीर कुमार, बिजेन्द्र प्रसाद, दीपू कुमार, लखन प्रसाद, प्रवीण कुमार एवं उमेश कुमार यादव आदि ने भी सभा को सम्बोधित किया तथा अपनी पूरी निष्ठा छोटे मुखिया के प्रति व्यक्त की। संकल्प सभा की अध्यक्षता डॉ संजय रविदास, मंच संचालन पंकज कुमार सिंह तथा धन्यवाद ज्ञापन अजित कुमार यादव ने किया।