– पंचमुखी न्यूज़ –
बिहारशरीफ डेस्क। बिहारशरीफ में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान बड़ी पहाड़ी हाई स्कूल की दीवार अचानक दूकान के ऊपर गिर गई। घटना के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी के बाद जिला प्रशासन की नींद टूटी तथा घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बड़ी पहाड़ी राष्ट्रीय उच्च विद्यालय की दीवार अचानक गिर गई। इससे वहां पर खड़े कई लोग चोटिल हुए हैं। इन्हें इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इसमें किसी के जान-माल के नुकसान की बात नहीं बताई जा रही है।
गौरतलब है कि पिछले एक माह से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बड़ी पहाड़ी चौराहे पर चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत बड़ी पहाड़ी मोड़ के चारों ओर अतिक्रमण किए हुए स्थान को खाली कराया जा रहा है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल को भी तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में लगे अधिकारियों की लापरवाही का परिणाम है।