-पंचमुखी न्यूज़-
पटना सेंट्रल डेस्क। मगधांचल के दलित-पिछड़ों में ह्रदय-सम्राट से मशहूर अशोक महतो ने मंगलवार की रात पटना के बख्तियारपुर स्थित करौटा मां जगदंबा स्थान के मंदिर में दिल्ली लड़की कुमारी अनिता से शादी कर ली है। 55 साल के अशोक महतो की शादी करने के पीछे की वजह लोकसभा चुनाव बताया जाता है। दरअसल, एनडीए में बिहार की 40 लोकसभा सीटों के बंटवारे के बाद बिहार की हॉट सीटों पर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में मुंगेर लोकसभा सीट की भी चर्चा हो रही है।
अभी इस सीट से जेडीयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह सांसद हैं। अब अशोक महतो ने इस सीट पर दावा ठोका है। पत्नी चुनाव मैदान में होगी। अशोक महतो ने यह भी कहा है कि लालू यादव जब नाम का एलान कर देंगे तब बाकी चीजों की जानकारी दे दी जाएगी।
नवादा के बढ़ौना के रहने वाले अशोक महतो बहुचर्चित रहे हैं। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार इनका आपराधिक इतिहास रहा है। अशोक महतो बिहार के मोस्ट वांटेड क्रिमिनल में से एक माने जाते हैं। अशोक महतो के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। नवादा जेल ब्रेक कांड समेत अन्य कई आपराधिक मामलों में जेल में रहे हैं। 2023 के नवंबर में वह जेल से रिहा होकर घर लौटे हैं। परन्तु बिहार के मगधांचल के लोगों की मानें तो ये दलितों-पिछड़ों के ह्रदय सम्राट हैं। खासकर नवादा. नालंदा एवं शेखपुरा जिलों के जन मानस में इनकी छवि शोषितों-वंचितों-पिछड़ों के मसीहा की रही है। यदि लालू ने इनकी पत्नी को राजद से प्रत्याशी बनाया तो मुंगेर की सीट पर लोकसभा चुनाव बड़ा ही रोचक हो जा सकता है।