-पंचमुखी न्यूज़-
नई दिल्ली सेंट्रल डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए बीजेपी ने 195 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में सिर्फ एक मुस्लिम उम्मीदवार अब्दुल सलाम को केरल के मलप्पुरम से टिकट दिया है। डॉ. अब्दुल सलाम बीजेपी के सदस्य हैं और केरल के तिरूर से आते हैं। 2021में 68 साल के अब्दुल सलाम ने 135 मेमोम (केरल) विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। हालांकि तब उन्हें सिर्फ 9 हज़ार वोट मिले थे और वो नंबर-3 पर रहे थे। जीते थे इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग यानी IUML के कुरुकोली मोइद्दीन। नंबर-2 पर लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट के गफूर लिलिस रहे थे। लेकिन पार्टी ने एक बार फिर अब्दुल सलाम पर भरोसा जताते हुए उन्हें मलप्पुरम से उतारा है।
वह कालीकट यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर भी रहे हैं। वह 2011 से लेकर 2015 तक वहां के वाइस चांसलर थे। माई नेता डॉट इनफो के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 6 करोड़ 47 लाख रुपये है। पीएचडी किए हुए हैं और अपना पहला परिचय शिक्षाविद का ही बताते हैं। जब वो VC बने थे, उनका नामांकन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी UDF ने किया था, जिस पर कांग्रेस की पकड़ है। हालांकि बाद में पद से रिटायर होने के बाद वो 2019 में बीजेपी में शामिल हो गए।