– पंचमुखी न्यूज़ –
नई दिल्ली डेस्क। जदयू के पूर्व अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ़ ललन सिंह ने शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने के बाद जदयू सांसद की पीएम से यह पहली मीटिंग है। ललन सिंह ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया। मगर सियासी गलियारे में इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। जदयू जब महागठबंधन में था, तब ललन सिंह पार्टी के अध्यक्ष थे। वे अक्सर पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयानबाजी करते थे।
जानकारी के मुताबिक ललन सिंह शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पीएमओ पहुंचे। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात छोटी मगर खास रही। इसकी जानकारी खुद ललन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी। वे अभी संसद के बजट सत्र के चलते दिल्ली में ही हैं।
आगामी महीनों में लोकसभा चुनाव आने वाले हैं। इससे पहले जदयू ने एनडीए में वापसी कर ली है। ललन सिंह अभी मुंगेर से सांसद हैं और लोकसभा में जेडीयू के नेता भी हैं। बताया जा रहा कि नीतीश कुमार उन्हें दोबारा मुंगेर से टिकट देने के मूड में हैं। बीते दिसंबर में उन्होंने जदयू अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद खुद सीएम नीतीश ने पार्टी की कमान संभाली।
एनडीए में आने के बाद जदयू की केंद्र में भी हिस्सेदारी बढ़ेगी। हालांकि, लोकसभा चुनाव करीब होने के चलते अभी केंद्रीय कैबिनेट का विस्तार नहीं होने वाला है। बताया जा रहा है कि अगर 2024 के चुनाव में अगर मोदी सरकार वापसी करती है तो जदयू से भी कैबिनेट में एक सदस्य शामिल किया जा सकता है। नीतीश अपने करीबी नेता ललन सिंह को यह मौका दे सकते हैं। हालांकि, यह स्थिति चुनाव परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। अभी सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं।