मुखिया, उप मुखिया, वार्ड सदस्य तथा सरपंच, उप सरपंच एवं पंच के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जायेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को इसकी घोषणा की।
-पंचमुखी न्यूज़-
पटना स्टेट डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच, उपसरपंच और पंचों के भत्ते में सम्मानजनक वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री से मिलने आये ग्राम पंचायत और ग्राम कचहरी के प्रतिनिधिमंडल से उन्होंने यह बात कही। यह भी कहा कि आप सभी लोग बेहतर ढंग से काम करते रहें। आप सबने जो मांग की है, उसके आधार पर भत्ते में सम्मानजनक वृद्धि की जायेगी। एक अणे मार्ग स्थित ‘लोक संवाद’ में रविवार को बिहार के मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्य, सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों के शिष्टमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की और अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समस्याओं को सुनने के बाद कहा कि राज्य में पंचायती राज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाये गये हैं। वर्ष 2005 में सरकार में आने के बाद पंचायती राज व्यवस्था को बेहतर किया गया। पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत का आरक्षण दिया गया। इसके कारण बड़ी संख्या में महिलाएं समाज का नेतृत्व करने को लेकर आगे आयीं। गांवों तथा टोलों में पक्की गली नाली का निर्माण कराया गया। हर घर तक नल का जल पहुंचाया गया। हर घर तक बिजली पहुंचा दी गई है। सभी पंचायतों के वार्डों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाया जा रहा है। पंचायत सरकार भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें पंचायत के सभी लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे हो सकेगा।
नीतीश कुमार ने कहा कि आप सभी जनप्रतिनिधियों से मेरा आग्रह है कि समाज में सभी को साथ लेकर चलें और समस्याओं का समाधान करें। खूब मन लगातार काम करें। गांवों के विकास के लिए जो कार्य किये गये हैं उसकी सतत् निगरानी करते रहें। इस अवसर पर वित्तमंत्री विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री मुरारी प्रसाद गौतम, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ, पंचायती राज विभाग के अपर मुख्य सचिव मिहिर कुमार सिंह, वित्त विभाग के प्रधान सचिव अरविंद कुमार चौधरी तथा पंचायती राज विभाग के निदेशक आनंद शर्मा उपस्थित थे।
अभी किन्हें कितना भत्ता मिलता है:-
-जिला परिषद अध्यक्ष – 12,000
– जिला परिषद उपाध्यक्ष – 10,000
– पंचायत समिति प्रमुख – 10,000
– पंचायत समिति उप-प्रमुख – 5000
– ग्राम पंचायत मुखिया – 2500
– ग्राम पंचायत उप-मुखिया – 1200
– ग्राम कचहरी सरपंच – 2500
– ग्राम कचहरी उप-सरपंच – 1200
– जिला परिषद् सदस्य – 2500
– पंचायत समिति सदस्य – 1000
– ग्राम पंचायत सदस्य – 500
– ग्राम कचहरी पंच – 500